उदयपुर भींडर निकाय चुनाव: पहले दिन सिर्फ 2 नामांकन, राखी के बाद तेज होगी सियासी हलचल

भींडर निकाय चुनाव: पहले दिन सिर्फ 2 नामांकन, राखी के बाद तेज होगी सियासी हलचल

वार्ड 1 से किरण खटीक और वार्ड 24 से रेहमत बानू ने दाखिल किया पर्चा, टिकट के दावेदारों की बढ़ी बेचैनी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर भींडर। नगर पालिका आम चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन भींडर में दो प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। वार्ड 1 से किरण खटीक और वार्ड 24 से रेहमत बानू ने नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन प्रक्रिया के लिए अधिकारी सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपखंड कार्यालय के इजलास कक्ष में मौजूद रहे। पहले दिन नामांकन की संख्या सीमित रही, लेकिन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी गतिविधियों ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है।

टिकट के दावेदारों में बढ़ी बेचैनी

नामांकन शुरू होने के साथ ही राजनीतिक दलों से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दावेदारों की चिंता भी बढ़ गई है। कई वार्डों में एक से अधिक दावेदार टिकट की दौड़ में हैं। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार कर रहे संभावित उम्मीदवार अपनी ओर से नामांकन की तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं।

प्रमाण-पत्र और दस्तावेज जुटाने में जुटे दावेदार

नामांकन से पहले जरूरी दस्तावेज पूरे करने को लेकर भी दावेदारों की दौड़ जारी है। जाति प्रमाण-पत्र, एनओसी, बैंक विवरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाए जा रहे हैं। खासतौर पर आरक्षित वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार जाति प्रमाण-पत्र सहित जरूरी कागजात को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।

कई संभावित प्रत्याशियों के लिए नामांकन से पहले दस्तावेज पूरे करना चुनौती बना हुआ है। इसके चलते वे संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाकर प्रमाण-पत्र और अन्य कागजात जुटाने में व्यस्त हैं।

राखी के बाद बढ़ेगी नामांकन की रफ्तार

गुरुवार को राखी का त्योहार होने के कारण नामांकन के पहले दिन अपेक्षाकृत कम हलचल रही। अब शनिवार से नामांकन में तेजी आने की संभावना है। राजनीतिक दलों की ओर से टिकट को लेकर तस्वीर साफ होने के बाद समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़ सकती है।

नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

25 वार्डों में होगा चुनाव

भींडर नगर पालिका के 25 वार्डों में पार्षद पद के लिए चुनाव होना है। 9 सितंबर को मतदान और 14 सितंबर को मतगणना होगी। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रत्येक वार्ड में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।

चुनाव प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग अधिकारी अभिलाषा, सहायक रिटर्निंग अधिकारी सतीश पाटीदार, चुनाव सह प्रभारी संजीत रावल, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी जगदीश मेनारिया, हिम्मत लक्षकार और मनोज मीणा सहित प्रशासनिक टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post