श्रीलंका में चमका उदयपुर का खेल हुनर खिलाड़ियों ने भारत के लिए जीते स्वर्ण पदक
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय रोलबॉल सीरीज़ 2026-27 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उदयपुर के पांच खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और सभी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ राजस्थान एवं उदयपुर का नाम रोशन किया।
जिला रोलबॉल संघ उदयपुर के सचिव घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 18 से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उदयपुर के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की ओर से दमदार प्रदर्शन किया। एशियन रोलबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग से निर्वाण लालवानी, जय सिंह, रिया आसवानी और वंशिका जैन ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। वहीं सब-जूनियर वर्ग में कृष्णा आसवानी ने भारत का प्रतिनिधित्व किया।
कोच विक्रम सिंह के अनुसार, भारतीय टीम ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया और श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। उदयपुर के पांचों खिलाड़ियों ने भी अपने-अपने वर्ग में प्रभावी प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक हासिल किए।
पांचों खिलाड़ियों की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से उदयपुर के रोलबॉल खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की सफलता पर राजस्थान रोलबॉल संघ के चेयरमैन मनोहर कान्त, अध्यक्ष करण सिंह शेखावत एवं महासचिव पुष्पेन्द्र कुमार मित्तल, जिला रोलबॉल संघ उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. जोगेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, डी.जी., कलीम अंसारी, मुकेश दांत्या एवं दिलीप कुमार सहित संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोच विक्रम सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
श्रीलंका में भारतीय टीम की जीत के साथ उदयपुर के पांच खिलाड़ियों का स्वर्ण पदक हासिल करना शहर के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उदयपुर के रोलबॉल खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी पहचान दिलाई है।
Tags
Breaking News