400 विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा का पाठ, पुलिस ने बताया ऑनलाइन ठगी से बचने का तरीका
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 28 सितंबर। मेवाड़ यूनिवर्सिटी कैंपस, गंगरार और हिंदुस्तान जिंक के जिंक कौशल केंद्र में सोमवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
साइबर थाना प्रभारी डीवाईएसपी रविंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस निरीक्षक सुमन कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों से अवगत कराया। अधिकारियों ने समझाया कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या किसी लालच में आकर साझा की गई छोटी-सी जानकारी भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम में ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी निवेश योजनाएं, साइबर ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
साइबर अपराध का शिकार होने पर पुलिस ने समय गंवाए बिना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।
महिला कांस्टेबल ने छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के तरीके
कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल दुर्गा ने महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने के उपायों के साथ आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मेवाड़ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. आलोक मिश्रा, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. दीपक व्यास, डीन ह्यूमैनिटीज डॉ. फरीन खान, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष राजेश भट्ट, विधि अध्ययन विभागाध्यक्ष गीतांजलि शर्मा एवं OSD एच. विधानी सहित करीब 400 विद्यार्थी और लॉ विभाग के फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने की अपील की।
Tags
Breaking News