उदयपुर नगर निगम चुनाव: 48 वोट से लेकर 2,790 वोट तक, इन वार्डों में दिखा जीत का सबसे बड़ा अंतर
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना में उदयपुर के अलग-अलग वार्डों में जीत का अंतर काफी अलग-अलग देखने को मिला। कहीं प्रत्याशी महज कुछ दर्जन वोटों के अंतर से चुनाव जीत सके, तो कुछ वार्डों में विजेताओं ने हजारों वोटों की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम किया।
अब तक सामने आए परिणामों में वार्ड नंबर 4 सबसे करीबी मुकाबले वाला वार्ड रहा। यहां कांग्रेस की स्नेहलता टॉक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को महज 48 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
इसके बाद वार्ड नंबर 5 में भाजपा के आकाश जैन (वागरेचा) ने 50 वोटों, जबकि वार्ड नंबर 18 में भाजपा के कुलदीप मेहता ने 59 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। वार्ड नंबर 21 में कांग्रेस के राहुल माली को 60 वोटों से जीत मिली। वहीं वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस के अरुण टाक ने 282 वोटों के अंतर से मुकाबला जीता।
इन वार्डों में हजारों वोटों की बढ़त
दूसरी ओर, कुछ वार्डों में जीत का अंतर काफी बड़ा रहा। वार्ड नंबर 20 में कांग्रेस के साजिद खान ने सबसे बड़ी बढ़त के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने 2,790 वोटों के अंतर से चुनाव अपने नाम किया।
बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले प्रमुख प्रत्याशियों में वार्ड नंबर 19 के भाजपा प्रत्याशी कुंदन चौहान भी शामिल रहे, जिन्होंने 2,112 वोटों से जीत हासिल की। वार्ड नंबर 35 में भाजपा की मिनल कन्थालिया ने 1,829 वोट, जबकि वार्ड नंबर 51 में भाजपा के प्रमोद सामर ने 1,366 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
इसी क्रम में वार्ड नंबर 36 में भाजपा की डिम्पल कुंवर ने 1,162 वोटों की बढ़त के साथ जीत हासिल की।
उदयपुर नगर निगम के इन परिणामों में एक तरफ जहां कुछ वार्डों में आखिरी दौर तक मुकाबला बेहद नजदीकी रहा, वहीं दूसरी ओर कई वार्डों में प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर स्पष्ट बढ़त बनाते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
Tags
Breaking News