बड़ीसादड़ी में चंदन तस्करी का खुलासा, क्रेटा कार से 211 किलो 820 ग्राम लकड़ी जब्त; दो गिरफ्तार

बड़ीसादड़ी में चंदन तस्करी का खुलासा, क्रेटा कार से 211 किलो 820 ग्राम लकड़ी जब्त; दो गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 14 सितंबर 2026। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने अवैध चंदन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 211 किलो 820 ग्राम चंदन की लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने चंदन की लकड़ी परिवहन के मामले में कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के अनुसार, उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में एएसआई हरिराम पुलिस टीम के साथ सर्कल गश्त पर थे।

गश्त के दौरान बड़ीसादड़ी कस्बे में घंटाघर की तरफ से एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रजवाड़ी होटल के पास रुकवाकर चालक और उसके पास वाली सीट पर बैठे व्यक्ति से कार में रखे बोरों के बारे में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 211 किलो 820 ग्राम अवैध चंदन की लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने चंदन की लकड़ी के साथ क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने मामले में मूनव्वर हुसैन मन्सुरी, निवासी इन्द्रा कॉलोनी, बड़ीसादड़ी और परवेज रज्जा पिन्जारा, निवासी इन्द्रा कॉलोनी, बड़ीसादड़ी को बिना अनुज्ञा पत्र के चंदन की लकड़ी का परिवहन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूनव्वर हुसैन मन्सुरी के खिलाफ पूर्व में भी चित्तौड़गढ़ कोतवाली और भादसौड़ा थाने में प्रकरण दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: एएसआई हरिराम, कांस्टेबल बाबूलाल, दिनेश, ओमप्रकाश और धर्मीचंद।

Post a Comment

Previous Post Next Post