चित्तौड़गढ़ पुलिस आखिरी समय तक रही अलर्ट, वार्ड 17 में मतदान के बाद दोनों पक्षों की नारेबाजी; पुलिस ने संभाला मोर्चा

मतदान खत्म होते ही वार्ड 17 में नारेबाजी, पुलिस ने संभाला मोर्चा; दोनों पक्षों ने किया जीत का दावा
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चुनाव के मतदान के दौरान चित्तौड़गढ़ पुलिस पूरे दिन अलर्ट मोड पर रही। खासकर उन वार्डों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जहां मतदान से एक दिन पहले विवाद या तनाव की स्थिति बनी थी। वार्ड संख्या 17 में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

वार्ड 17 में मतदान के दौरान पुलिस की अतिरिक्त मौजूदगी रही। चित्तौड़गढ़ पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, सीआई प्रेम सिंह, सब इंस्पेक्टर पारस कुमार सहित पुलिस का जाप्ता मौके पर तैनात रहा। पुलिस की निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई।

बताया गया कि मतदान से एक दिन पहले वार्ड में विवाद की स्थिति सामने आई थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी को देखते हुए मतदान के दिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया।
मतदान समाप्त होने के बाद वार्ड में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने नजर आए। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी करते हुए अपनी-अपनी जीत का दावा किया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया और मौके पर व्यवस्था बनाए रखी

पूरे दिन वार्ड संख्या 17 में पुलिस की विशेष निगरानी रही। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के साथ ही पुलिस की प्राथमिकता मतदान के बाद किसी तरह की स्थिति उत्पन्न न होने देना रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post