अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा, 19 सितंबर तक 601 मामले दर्ज, 218 गिरफ्तार
डूंगरपुर में तस्कर कार छोड़कर फरार, 47 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद; जयपुर में भी कार से हरियाणा बिक्री की शराब जब्त
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत डूंगरपुर और जयपुर में कारों से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी गई, जबकि डूंगरपुर में कार्रवाई के दौरान तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
आबकारी विभाग के अनुसार 19 सितंबर 2026 तक अभियान के तहत प्रदेश में 601 अभियोग दर्ज किए गए और 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 1453 लीटर देशी शराब, 7332 लीटर भारत निर्मित विदेशी शराब, 413 लीटर बीयर, 4617 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। इसके अलावा 1 लाख 79 हजार 356 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 27 वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें एक बड़ा वाहन, 5 चार पहिया वाहन और 21 दोपहिया वाहन शामिल हैं।
डूंगरपुर में पीछा करने पर कार छोड़ भागे तस्कर
डूंगरपुर और सागवाड़ा की संयुक्त आबकारी टीम ने शनिवार रात हाईवे पर एक संदिग्ध क्रेटा कार का पीछा किया। टीम को देखकर कार सवार तस्कर वाहन को एक सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर कार से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 47 कार्टन बरामद हुए। इनमें रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन व्हिस्की के पव्वे व बोतलें शामिल थीं। मामले में आबकारी विभाग ने विशेष अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की है।
जयपुर में कार की डिक्की से शराब बरामद
जयपुर शहर में भी सघन नाकाबंदी के दौरान आमेर रोड पर एक रेनॉल्ट काइगर कार की जांच की गई। कार की डिक्की से दो कार्टन में ओकस्मिथ गोल्ड अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें और एक अन्य कार्टन में 100 पाइपर की 12 बोतलें बरामद हुईं। शराब पर 'फॉर सेल इन हरियाणा' अंकित था। आबकारी विभाग ने इस मामले में भी अभियोग दर्ज किया है।
हनुमानगढ़ में दो भट्टियां नष्ट
अभियान के दौरान हनुमानगढ़ में भी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर वॉश नष्ट की गई और अवैध शराब बनाने वाली दो भट्टियों को नष्ट किया गया। मौके से 15 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में अवैध मदिरा के खिलाफ नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त लगातार जारी है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारियों, निरीक्षकों और आबकारी निरोधक दलों को अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Tags
Breaking News