खाकी के रक्षक ही बने भक्षक! महिला से अभद्रता के आरोप में कांस्टेबल सस्पेंड

जयपुर में महिला से अभद्रता का मामला: आरोपी कांस्टेबल लोकेश मीणा सस्पेंड, नशे में हंगामा करने पर दोनों गिरफ्तार हुए थे
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। महिला से अभद्रता और नशे में हंगामा करने के मामले में आरोपी कांस्टेबल लोकेश मीणा को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना के बाद लोकेश मीणा और कांस्टेबल मीठालाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मामले में मीठालाल की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार, परसों रात थाने के सामने स्थित एक अपार्टमेंट के पास दोनों कांस्टेबल कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंचे और वहां हंगामा करते हुए गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान एक महिला से अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामला बढ़ने पर लोग थाने तक पहुंच गए।

महिला के साथ मारपीट का भी आरोप
घटना को लेकर यह आरोप सामने आया कि महिला के साथ अभद्रता करने के साथ उस पर लात भी मारी गई। महिला के गर्भवती होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस थाना अधिकारी के अनुसार इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं है। वहीं, महिला की ओर से दर्ज एफआईआर में भी महिला के गर्भवती होने या लात मारने का उल्लेख नहीं बताया गया है।

मामले के बाद पुलिस ने दोनों कांस्टेबलों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल लोकेश मीणा को निलंबित कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि लोकेश मीणा एसीपी के गनमैन के तौर पर तैनात था। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। वहीं, कांस्टेबल मीठालाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि घटना में उसकी कितनी संलिप्तता थी।

पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों ने एक बार फिर खाकी की जिम्मेदारी और आचरण को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, मामले में सामने आए आरोपों और एफआईआर में दर्ज तथ्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post