चित्तौड़गढ़ में भाजपा-कांग्रेस की बाड़ेबंदी शुरू, 60 वार्डों के प्रत्याशी अज्ञात स्थान पर रवाना
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। नगर निकाय चुनाव में मतदान समाप्त होने के बाद अब परिणाम से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। चित्तौड़गढ़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी शुरू कर दी है।
भाजपा ने चित्तौड़गढ़ के सभी 60 वार्डों के प्रत्याशियों को पार्टी के चुनाव कार्यालय बुलाया। प्रत्याशियों के पहुंचने से पहले ही कार्यालय के बाहर वाहनों का काफिला तैयार रखा गया था। कुछ देर रुकने के बाद प्रत्याशियों को कारों में बैठाकर अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रत्याशियों को जरूरी सामान साथ लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचने के लिए कहा गया था। शुरुआती तौर पर रात्रि विश्राम के लिए एक रिसोर्ट में ठहराने की बात सामने आई है। इसके बाद उन्हें किसी अन्य शहर के रिसोर्ट या अन्य निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जा सकता है, जहां मतगणना तक सभी को एक साथ रखा जाएगा।
महिला प्रत्याशियों को पति या परिवार के एक सदस्य के साथ रहने की अनुमति दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बेगूं में भी भाजपा ने की बाड़ेबंदी
वहीं, बेगूं नगरपालिका में भी भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को अज्ञात स्थान पर भेज दिया है। यहां कुल 35 वार्ड हैं, जिनमें 5 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। मतदान के बाद भाजपा के 30 चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों और 5 निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों को निजी वाहनों से अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया।
मतगणना 14 सितंबर को होनी है। ऐसे में दोनों प्रमुख दल अपने प्रत्याशियों को परिणाम तक एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से भी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को लेकर तैयारियां शुरू होने की जानकारी सामने आ रही है।
Tags
Breaking News