जयपुर निकाय चुनाव: आज 3 बजे तक नाम वापसी, बागियों को मनाने में जुटी BJP-कांग्रेस; इसके बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर निकाय चुनाव में आज नाम वापसी का आखिरी दिन है। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होने तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने बागी प्रत्याशियों को मनाने में जुटी हुई हैं। कई वार्डों में बागियों के मैदान में डटे रहने से दोनों प्रमुख दलों का चुनावी गणित बिगड़ने की आशंका है।
बागियों को मनाने के लिए पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। कई नेता नाराज कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों से फोन पर बातचीत कर रहे हैं, जबकि कुछ नेता व्यक्तिगत रूप से उनके घर पहुंचकर मान-मनौव्वल में जुटे हैं। पार्टी में भविष्य में सम्मान और जगह देने का भरोसा देकर भी नाम वापस लेने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पार्टियों की कोशिश अपने ही प्रत्याशियों के सामने खड़े बागी उम्मीदवारों को मैदान से हटाने की है। खासतौर पर उन निर्दलीय प्रत्याशियों पर नजर है, जिनकी अपने क्षेत्र, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच मजबूत पकड़ मानी जा रही है। ऐसे प्रत्याशियों के मैदान में बने रहने से कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में फिलहाल 984 प्रत्याशी मैदान में हैं। बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से भाजपा और कांग्रेस दोनों की चिंता बढ़ी हुई है। यदि बागी प्रत्याशी नाम वापस नहीं लेते हैं, तो इसका सीधा असर दोनों दलों के वोट बैंक पर पड़ सकता है।
जयपुर में कुछ प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल करने के बाद मोबाइल बंद कर अंडरग्राउंड होने की बात भी सामने आई है। वहीं, ज्योति खंडेलवाल के सामने भाजपा की ओर से मुकाबला, मोहित टेलर के बागी होकर मैदान में उतरने और अख्तर हुसैन के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने जैसे मामले भी चर्चा में हैं। अख्तर हुसैन की पत्नी पिछला चुनाव जीत चुकी हैं और इस बार पति-पत्नी ने फिर निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
अब सभी की नजर दोपहर 3 बजे की समय-सीमा पर है। नाम वापसी के बाद फाइनल प्रत्याशियों की सूची जारी होगी और 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद ही जयपुर के निकाय चुनाव में मुकाबले की अंतिम तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।