उदयपुर में पंचायत चुनाव का पहला चरण कल, मतदान दल रवाना; कलेक्टर ने दी लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

उदयपुर में पंचायत चुनाव का पहला चरण कल, मतदान दल रवाना; कलेक्टर ने दी लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, 21 अक्टूबर। राजस्थान पंचायती राज चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान गुरुवार, 22 अक्टूबर को होगा। उदयपुर जिले के 10 पंचायत समिति क्षेत्रों में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को अंतिम प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री वितरण के बाद मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्मिकों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर बोले- चुनावी ड्यूटी में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं

नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार और फतह स्कूल परिसर में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान कार्मिक पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ अपना दायित्व निभाए। मतदान के हर चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। मतदान केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था हो कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कलेक्टर ने मतदान दलों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के निर्देश दिए।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सुरक्षा कार्मिकों को चुनाव के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, यह पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एसपी ने मतदान केंद्रों पर संदिग्ध और अवांछनीय गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही मतदान के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित करने या मतदाताओं पर अनुचित दबाव डालने जैसी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के बाद निर्वाचन सामग्री लेकर रवाना हुए मतदान दल

बुधवार को अंतिम प्रशिक्षण पूरा होने के बाद राजस्थान कृषि महाविद्यालय और पीएमश्री राजकीय फतह विद्यालय परिसर में बनाए गए अलग-अलग काउंटरों से मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। इसके बाद मतदान कार्मिक आवंटित वाहनों से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।

इस दौरान अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, जिला परिषद सीईओ प्रीतम कुमार और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अब गुरुवार को जिले के 10 पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन के सामने शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post