राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने एक कथित बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके हवाले से कहा गया कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा क्योंकि वह पड़ोसी देश है। इस बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदन राठौड़ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, AAP ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बीजेपी के राष्ट्रवाद पर सवाल उठाए और पार्टी की आलोचना की।
विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी टिप्पणी अमेरिका और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के संदर्भमें थी, न कि युद्ध को लेकर। राठौड़ ने विपक्षी दलों पर उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि उनके बयान को लेकर किए जा रहे दावे असत्य और दुर्भावनापूर्ण हैं। इस स्पष्टीकरण के बाद भी उनके बयान को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
Tags
Breaking News