डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। बेदला क्षेत्र में नगर निगम की बेशकीमती जमीन पर कब्जे की कोशिश सामने आते ही निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। निगम ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए आवंटित करीब ढाई बीघा भूमि के एक हिस्से में चारदीवारी खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से निर्माण हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
यह कार्रवाई महापौर पारस सिंघवी और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर की गई। बेदला के रोड नंबर 11 और 12 पर स्थित आराजी नंबर 997 की इस भूमि पर चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा था। निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को हटाया और भूमि पर दोबारा किसी तरह का कब्जा न हो, इसके लिए नगर निगम स्वामित्व का बोर्ड भी लगाया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी, राजस्व अधिकारी अनिता पहाड़िया, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा सहित निगम की टीम मौजूद रही। टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि संबंधित भूमि नगर निगम को ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए आवंटित है। निगम की संपत्ति होने के कारण इसकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निगम की जमीनों पर नियमित निगरानी रखने और अतिक्रमण अथवा अवैध कब्जे का प्रयास सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर ने शहरवासियों से की अपील
महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों से अपील की कि नगर निगम की संपत्ति पर स्वयं कब्जा न करें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को कब्जा करने दें। यदि किसी निगम भूमि पर कब्जे या अतिक्रमण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि निगम की संपत्तियां शहर की सार्वजनिक संपत्ति हैं और इनके संरक्षण में शहरवासियों का सहयोग जरूरी है।
Tags
Breaking News