गरबा पांडाल में पहुंची कालिका पेट्रोलिंग टीम, महिलाओं को दिया सुरक्षा का भरोसा; पुलिस की पहल का हुआ स्वागत
ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत महिलाओं और युवतियों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबर 1090 और राजकोप सिटीजन ऐप की दी जानकारी
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार शाम कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम शहर के गरबा पांडाल में पहुंची। यहां पुलिसकर्मियों ने गरबा आयोजन में भाग लेने के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिलाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर, महिला थानाधिकारी रेणु खोइवाल, सोशल मीडिया सेल प्रभारी एएसआई सत्यनारायण और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम गरबा आयोजन स्थल पर पहुंची। पुलिस टीम की मौजूदगी का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक करना रहा।
महिलाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार, हेल्पलाइन की दी जानकारी
गरबा पांडाल में पुलिस टीम ने महिलाओं और युवतियों से संवाद कर महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान राजकोप सिटीजन ऐप और महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में भी बताया गया।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर बिना झिझक तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आयोजन समिति ने किया पुलिस टीम का स्वागत
महिला सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस की इस पहल की गरबा आयोजन समिति ने सराहना की। समिति के सदस्यों ने पुलिस टीम का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान
नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चित्तौड़गढ़ पुलिस ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के माध्यम से जागरूकता बढ़ा रही है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
Tags
Breaking News