सांवलियाजी में आधी रात को दर्दनाक हादसा: होटल की बालकनी से गिरकर 23 वर्षीय युवक की मौत, दोस्तों के साथ आया था घूमने
रात 3 बजे हुआ हादसा, झुंझुनू से तीन साथियों के साथ पहुंचा था युवक, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
डीएस सेवन न्यूज सांवलियाजी (चित्तौड़गढ़)। प्रसिद्ध धार्मिक नगरी सांवलियाजी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक होटल में ठहरे 23 वर्षीय युवक की बालकनी से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। युवक अपने तीन साथियों के साथ झुंझुनू जिले से सांवलियाजी पहुंचा था। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
रात 3 बजे बालकनी से नीचे गिरा युवक
मण्डफिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झुंझुनू जिले के चार युवक शुक्रवार रात सांवलियाजी पहुंचे थे। चारों ने होटल सवाई भोज में ठहरने के लिए कमरा लिया। बताया गया कि सभी युवक शराब के नशे में थे और कमरे में भी शराब पीने के बाद सो गए थे।
इसी दौरान रात करीब 3 बजे दीक्षांत (23) पुत्र विनोद कुमार यादव, निवासी पीचानवासी, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनू, कमरे के बाहर बनी बालकनी से नीचे गिर गया।
अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नहीं बच सकी जान
युवक के नीचे गिरने की जानकारी मिलते ही उसके तीनों साथी और होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल दीक्षांत को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मण्डफिया सांवलियाजी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के पहुंचने के बाद हुआ पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही मण्डफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी।
शनिवार शाम परिजनों के सांवलियाजी पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Tags
Breaking News