पर्यटन सीजन से पहले उदयपुर में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई तेज, दूसरे दिन भी हटाए ठेले और अवैध निर्माण

पर्यटन सीजन से पहले उदयपुर में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई तेज, दूसरे दिन भी हटाए ठेले और अवैध निर्माण
सूरजपोल से जगदीश चौक तक चला अभियान, सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान हटाए; साइनबोर्ड भी जब्त

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। पर्यटन सीजन से पहले शहर के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी निगम की टीम ने सुबह से शाम तक अभियान चलाकर सड़क सीमा और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेलों, अवैध निर्माण तथा नियम विरुद्ध लगे साइनबोर्ड को हटाने के साथ जब्त भी किया गया।

महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर नगर निगम की अतिक्रमण शाखा ने शहर के व्यस्त इलाकों में यह अभियान चलाया। सूरजपोल से सारंग मार्ग, आइस फैक्ट्री, शेरवाली फाटक, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, कालाजी गोराजी चौराहा, रंगनिवास चौराहा और भटियाणी चौहट्टा से जगदीश चौक तक कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने सड़क सीमा और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर रास्तों को सुगम बनाने की दिशा में कार्रवाई की।
यातायात और पर्यटन व्यवस्था पर जोर

महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि पर्यटन सीजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक उदयपुर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण होने से यातायात प्रभावित होता है और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

महापौर के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण का असर पूरे शहर की व्यवस्था पर पड़ता है। इसी को देखते हुए सड़क, फुटपाथ, चौराहों और पर्यटन स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे भी जहां अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां निगम की टीम कार्रवाई करेगी।

व्यापारियों और शहरवासियों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क सीमा, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। महापौर ने लोगों से अभियान में सहयोग करने और कार्रवाई के दौरान कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आवागमन के लिहाज से सुगम बनाए रखना नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

निगम के अधिकारी और पुलिस जाब्ता रहा मौजूद

गुरुवार को हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम के राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा सहित अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी, टीम के अन्य सदस्य तथा पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post