जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 24 घंटे इंटरनेट बंद, उदयपुर-दिल्ली की 2 ट्रेनें भी रद्द; रेलवे के कारणों पर उठे सवाल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर/नई दिल्ली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में 24 घंटे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इसी बीच उदयपुर और दिल्ली के बीच चलने वाली दो रेलसेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं। ऐसे में यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।
प्रदर्शन से पहले इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी
जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रखने का आदेश जारी किया गया है। यह पाबंदी मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर लागू होगी।
दिल्ली पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को भी बंद रखने का प्रस्ताव है। पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
उदयपुर-दिल्ली के बीच दो ट्रेनें रद्द
इधर, रेलवे ने उदयपुर सिटी और हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित दो रेलसेवाओं को रद्द कर दिया है। रेलवे की ओर से इसके पीछे परिचालनिक कारण बताए गए हैं।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 12964 उदयपुर सिटी–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 9 अक्टूबर 2026 को उदयपुर सिटी से रवाना नहीं हुई। वहीं, गाड़ी संख्या 12963 हजरत निजामुद्दीन–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 10 अक्टूबर 2026 को हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान नहीं करेगी।
प्रदर्शन से ठीक पहले ट्रेनें रद्द होने पर सवाल
CJP का प्रदर्शन 10 अक्टूबर को प्रस्तावित है और इसी से एक दिन पहले उदयपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन रद्द होने तथा अगले दिन दिल्ली से उदयपुर आने वाली रेलसेवा रद्द रहने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में इन दोनों घटनाक्रमों के समय को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, ट्रेनों को CJP के प्रदर्शन के चलते ही रद्द किया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे विभाग ने फिलहाल परिचालनिक कारणों का हवाला दिया है। ट्रेनें रद्द करने के पीछे वास्तविक वजह क्या है और क्या इसका प्रदर्शन से कोई संबंध है, इस बारे में रेलवे विभाग की ओर से कोई स्पष्ट विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
अब इस मामले में रेलवे के संबंधित अधिकारी ही स्पष्ट कर सकते हैं कि दोनों रेलसेवाओं को किन परिस्थितियों में रद्द किया गया। फिलहाल यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें।
DS7NEWS NETWORK
खबरें जो रखती हैं आपको सबसे आगे।
Tags
Breaking News