पंचायत चुनाव: मतदान केंद्रों पर पहुंचीं जिला निर्वाचन अधिकारी, चित्तौड़गढ़ और भदेसर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
औछड़ी के चार बूथों से लेकर देवरी के आदर्श मतदान केंद्र और धीरजी का खेड़ा तक पहुंचकर किया निरीक्षण
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदान व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के औछड़ी गांव में बूथ संख्या 103 से 106 तक स्थित चार मतदान केंद्रों का अवलोकन किया। इसके बाद देवरी गांव के आदर्श मतदान केंद्र के दोनों बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
वहीं, भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के धीरजी का खेड़ा स्थित बूथ संख्या 96 पर भी अधिकारियों ने पहुंचकर मतदान से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग मतदान केंद्रों पर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य पंचायत चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर की गई तैयारियों की समीक्षा करना रहा।
Tags
Breaking News