निंबाहेड़ा में आधी रात युवाओं के 2 गुट भिड़े, चाकूबाजी में 1 युवक गंभीर घायल 3 अन्य को भी आई चोटें

निंबाहेड़ा में आधी रात युवाओं के दो गुट भिड़े, चाकूबाजी में एक युवक गंभीर घायल; तीन अन्य को भी आई चोटें

पुरानी रंजिश ने फिर पकड़ा तूल, मीनाक्षी गार्डन रोड पर मारपीट के बाद मची अफरा-तफरी; गंभीर घायल को किया रेफर
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा। नगर में बीती रात युवाओं के दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मीनाक्षी गार्डन रोड पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य युवाओं को भी चोटें आईं।

घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए निंबाहेड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। चाकू लगने से गंभीर घायल युवक की स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

दो दिन पुरानी कहासुनी से जुड़ा विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत दो दिन पहले जन्मदिन समारोह के दौरान हुई थी। उस समय युवाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच तनाव बना हुआ था। बीती रात पुराना विवाद दोबारा भड़क उठा और देखते ही देखते मारपीट तथा चाकूबाजी तक पहुंच गया।

अस्पताल पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घायलों के जिला अस्पताल पहुंचने की सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल युवाओं की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

घटना के बाद से नगर में युवाओं के बीच हुए इस हिंसक संघर्ष को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post