आखिर कब जागेगा प्रशासन? मासूम बच्चियां कब तक दरिंदों की हवस का शिकार होती रहेंगी, मंदसौर की घटना ने फिर खड़े किए सुरक्षा पर सवाल
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बच्ची का शव मंगलवार सुबह गांव में कुएं के पास बरगद के पेड़ के नीचे मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्ची के सिर पर पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है और दोषियों को फांसी देने की मांग उठ रही है।
सोमवार से लापता थी मासूम
जानकारी के अनुसार, बच्ची सोमवार से लापता थी। परिजनों ने तलाश के बाद गरोठ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया।
पिता के साथ मजदूरी करते थे आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी बच्ची के पिता के साथ मजदूरी का काम करते थे। आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
*आखिर कब तक बेटियों की सुरक्षा पर उठते रहेंगे सवाल?
यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने खड़ा एक गंभीर सवाल है। आखिर कब तक मासूम बच्चियां ऐसी दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी? कब जागेगा प्रशासन और कब बेटियों को सुरक्षित माहौल मिल पाएगा? हर ऐसी घटना के बाद आक्रोश, विरोध और सख्त सजा की मांग उठती है, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी वारदातों को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी कब मजबूत होगी?
मासूमों की सुरक्षा केवल नारों और आश्वासनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जरूरत है प्रभावी रोकथाम, त्वरित जांच और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने की। अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
Tags
Breaking News