दीपावली पर सड़कों पर उतरे पुलिस के आला अधिकारी, जवानों से लेकर आमजन तक को बांटी मिठाई
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। दीपावली के उल्लास के बीच उदयपुर में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आमजन के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ शहर के प्रमुख व्यस्त और ऐतिहासिक इलाकों में पैदल भ्रमण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। दीपावली पर परिवार से दूर रहकर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे जवानों को मिठाई वितरित की और उनका उत्साह बढ़ाते हुए त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
पैदल भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और बच्चों से भी बातचीत की। उनका कुशलक्षेम जाना और सभी को सुरक्षित एवं खुशहाल दीपावली मनाने की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। अधिकारियों के इस भ्रमण से जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया, वहीं पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं आत्मीयता का संदेश भी देखने को मिला।
Tags
Breaking News