चित्तौड़गढ़ बड़ी सादड़ी में पंचायत चुनाव का घमासान तेज, दिग्गज नेताओं के परिवारों ने भी ठोकी ताल; 17 वार्डों में दूसरे दिन 32 नामांकन

बड़ी सादड़ी में पंचायत चुनाव का घमासान तेज, दिग्गज नेताओं के परिवारों ने भी ठोकी ताल; 17 वार्डों में दूसरे दिन 32 नामांकन

जय श्री राठौड़ की नामांकन रैली में करीब 100 वाहनों का काफिला पहुंचा, 14 नवंबर को होगा मतदान
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ बड़ी सादड़ी। पंचायत समिति सदस्य और सरपंच चुनाव को लेकर बड़ी सादड़ी क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के परिवारों के सदस्य भी चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। नामांकन के दूसरे दिन 17 वार्डों में कुल 32 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। प्रत्याशियों के शक्ति प्रदर्शन और समर्थकों की सक्रियता ने ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है।

सोमवार को प्रदेश कांग्रेस सचिव हनुमन्तसिंह बोहेड़ा की पत्नी जय श्री राठौड़ ने पंचायत समिति के वार्ड संख्या 5 से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान बोहेड़ा से करीब 100 वाहनों का काफिला रैली के रूप में बड़ी सादड़ी पहुंचा। नामांकन से पहले बोहेड़ा स्थित भूत बावजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद हनुमन्तसिंह बोहेड़ा की अगुवाई में रैली रवाना हुई। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्वागत और पुष्पवर्षा की गई। करीब 10 किलोमीटर तक चले काफिले में डीजे और खुली गाड़ी के साथ समर्थक कांग्रेस के झंडे लेकर पहुंचे।

बड़ी सादड़ी पहुंचने पर जय श्री राठौड़ ने झाला मन्ना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पैदल ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की। यहां नगर कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह झाला की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया।

भाजपा-कांग्रेस के कई चेहरों ने पेश की दावेदारी

पंचायत समिति चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के कई प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। भाजपा की ओर से महामंत्री पहलवान सालवी और प्रदेश के शिक्षक नेता नर्बदा शंकर पुष्करणा ने आवेदन किया। वहीं कांग्रेस के पूर्व उप प्रधान उमेश शर्मा ने अपनी पत्नी अजिता शर्मा का नामांकन प्रस्तुत करवाया। वार्ड संख्या 4 से विनायका की सीमा अशोक टेलर और वार्ड संख्या 16 से भगवती देवी सिंह ने भी नामांकन दाखिल किए।

3 नवंबर को भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 4 में गुड्डी देवी योगी, पत्नी गोपाल नाथ योगी, निवासी विनायका ने भी नामांकन पत्र जमा करवाया। इस दौरान पण्ड़ेड़ा और विनायका ग्राम पंचायतों के पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

4 नवंबर को नामांकन का अंतिम दिन

नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से 17 वार्डों में कुल 32 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर निर्धारित है। इसी दिन दोपहर 3 बजे से पहले राजनीतिक दलों के अधिकृत उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न प्रस्तुत करने होंगे। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा।

गांवों की चौपालों पर भी चुनावी चर्चाएं शुरू

पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पद के चुनाव एक साथ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। गांवों की चौपालों पर संभावित प्रत्याशियों और चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। चुनावी बैठकों और सामूहिक आयोजनों का दौर भी शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ बड़ी सादड़ी क्षेत्र में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post