उदयपुर कानोड़ में पर्यावरण संरक्षण की पहल: चतुर राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने ली शपथ, बिजली बचाने के लिए चलेगा एक घंटे का स्विच ऑफ अभियान

कानोड़ में पर्यावरण संरक्षण की पहल: चतुर राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने ली शपथ, बिजली बचाने के लिए चलेगा एक घंटे का स्विच ऑफ अभियान

RUIDP के 'ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह' के तहत 7 नवंबर तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण से लेकर प्लास्टिक और ई-कचरे में कमी लाने पर रहेगा जोर
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सीमित उपयोग को लेकर राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) की ओर से कानोड़ में 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक' मनाया जा रहा है। इसके तहत चतुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन में अच्छी आदतें अपनाने की शपथ ली।

1 से 7 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलावों के जरिए प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए प्रेरित करना है। यह आयोजन स्टेट एक्शन प्लान और केंद्र सरकार के 'मिशन लाइफ' की भावना के अनुरूप किया जा रहा है।

अभियान के तहत बिजली की खपत कम करने के लिए RUIDP के सभी प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) और प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट (PIU) कार्यालयों में प्रतिदिन एक घंटे का 'इलेक्ट्रिसिटी स्विच ऑफ' अभियान चलाया जा रहा है। इसमें निर्धारित समय तक अनावश्यक बिजली उपकरण और लाइट बंद रखने का संदेश दिया जा रहा है।

सात दिनों में सात विषयों पर जागरूकता

सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रम में स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के साथ महिला समूहों, स्थानीय निवासियों और परियोजना से जुड़े श्रमिकों को भी शामिल किया जाएगा। हर दिन एक अलग विषय के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।
इनमें स्वस्थ जीवनशैली अपनाना, बिजली की बचत, जल संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल खाद्य प्रणाली, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करना, ई-कचरे का सुरक्षित प्रबंधन और सामान्य कचरे को कम करना शामिल है।

इस पहल के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि घर, स्कूल और कार्यस्थल पर रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से भी संभव है।

Post a Comment

Previous Post Next Post