चित्तौड़गढ़ में तीसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी, अंतिम प्रशिक्षण के बाद पांच पंचायत समितियों के मतदान दल रवाना

चित्तौड़गढ़ में तीसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी, अंतिम प्रशिक्षण के बाद पांच पंचायत समितियों के मतदान दल रवाना

जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने कार्मिकों को दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश, ईवीएम की जांच से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक बरती जाएगी विशेष सतर्कता
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान को लेकर चित्तौड़गढ़ जिले में चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद चित्तौड़गढ़, भदेसर, भोपाल सागर, कपासन और राशमी पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

मतदान दलों की रवानगी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, मतदान कार्मिकों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदान कार्मिकों को रवाना होने से पहले मतदान सामग्री और ईवीएम की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्येक कार्य समय पर पूरा किया जाए। मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी परेशानी या अन्य समस्या सामने आने पर तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट अथवा संबंधित निर्वाचन अधिकारी को सूचना दें और उनके निर्देशानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने सभी कार्मिकों को आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन संबंधी निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने पुलिसकर्मियों को मतदान दलों के साथ बेहतर तालमेल रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील परिस्थितियों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को संयमित और शालीन व्यवहार रखते हुए निष्पक्ष मतदान में सहयोग करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

मतदान दलों की रवानगी और प्रशिक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, यूआईटी से अंशुल अमेरिया सहित पांचों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण टीम के डॉ. कनक जैन और ओमप्रकाश पालीवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post