प्रतापगढ़ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक 3 युवकों की मौके पर मौत

डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़। सुहागपुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोटा मायंगा के पास देर रात करीब 11:15 बजे एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर ईश्वर पुत्र जीवा मीणा निवासी मोटीखेड़ी, गोपाल पुत्र केशुराम मीणा तथा कांतिलाल पुत्र खाटूराम मीणा निवासी बोरानखेड़ा सवार थे। तीनों युवक मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े ट्रैक्टर के पीछे निकले लोहे के पतरे और पाइप अंधेरे में नजर नहीं आए और बाइक सीधे उनसे जा भिड़ी।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का पिछला टायर फटने के कारण चालक वाहन को वहीं खड़ा कर सामान लेने चला गया था। ट्रैक्टर के पीछे लटके लोहे के पतरे और पाइप दुर्घटना की बड़ी वजह बने। अंधेरा होने से बाइक सवारों को खतरे का अंदाजा नहीं हो सका।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों में ईश्वर और गोपाल शादीशुदा थे। दोनों परिवारों में छोटे बच्चे हैं, जिससे घरों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने हाईवे पर बिना संकेतक खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post