कानोड़ में आंगनबाड़ी केंद्र पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को दी योजनाओं और साफ-सफाई की
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़ में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र सूरजपोल पर स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना रहा।
इस दौरान सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी मनोज कुमार जाट ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को विशेष टैंकरों के माध्यम से पीपलवास रोड पर बन रहे एफएसटीपी प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। वहां वैज्ञानिक तरीके से इसका उपचार किया जाएगा, जिससे पहले की तरह फैलने वाली गंदगी और प्रदूषण की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहेगा।
उन्होंने महिलाओं को घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि सेप्टिक टैंक को लगभग हर पांच वर्ष में खाली करवाना जरूरी है। बरसात के मौसम में घरों के आसपास जमा गंदा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बनता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय रहते सफाई रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में महिलाओं को ई-श्रमिक कार्ड और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही कचरा डालने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। सेप्टिक टैंक खाली करवाने के लिए टोल फ्री नंबर 18008439192 की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षक सीता मीणा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र कुमार भट्ट सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
Tags
Breaking News