मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, गंभीर वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
मध्य प्रदेश नीमच जावद क्षेत्र के ग्राम खोर में एक 11 वर्षीय बालक के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आने से इलाके में चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम गांव का ही एक युवक बालक को बहाने से अपने साथ गांव के बाहरी हिस्से की ओर ले गया। बताया जा रहा है कि उसने बच्चे को लालच देकर वहां ले जाकर गलत हरकत की और बाद में उसे वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला।
कुछ समय बाद जब बालक घर पहुंचा तो उसने घबराई हालत में परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। परिजनों ने तुरंत उसे साथ लेकर नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के लोगों में आक्रोश बढ़ गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने जावद-खोर मार्ग पर चक्काजाम कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। करीब एक घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और मार्ग को फिर से चालू कराया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच आगे भी जारी है।
DS7NEWS NETWORK
Tags
Breaking News