उदयपुर फरार हिस्ट्रीशीटर कुंजड़ा अहमदाबाद से गिरफ्तार, रास्ते में उल्टी का बहाना कर भागने का प्रयास किया तो टूटी टांग
प्रॉपर्टी व्यवसायी का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर इमरान कुंजड़ा को पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। सवीना थाना पुलिस आरोपी को उदयपुर ला रही थी तब रास्ते में उसने उल्टी आने का बहाना कर भागने का प्रयास किया। तभी वह गिर गया और उसकी टांग टूट गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोई डॉन नहीं है। मीडिया ने मुझे गैंगस्टर बना दिया। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि यूआईटी कॉलोनी, सेक्टर-12 निवासी मोहम्मद एजाज ने पिछले साल 25 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से इमरान अहमदाबाद के जुहापुरा में फरारी काट रहा था। सूचना मिलते ही थानाधिकारी अजयसिंह टीम के साथ अहमदाबाद पहुंचे। पुलिस उसे किराये के घर में पकड़ने पहुंची तो आरोपी ने शोर मचाकर लोगों को एकत्र कर लिया और भागने का प्रयास किया। लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। उदयपुर लाने के दौरान अंबामाता घाटी से एक किमी पहले उसने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान वह गिर गया और उसका पैर फ्रेक्चर हो गया। पुलिस गुरुवार सुबह उसे उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंची। कुंजड़ा किडनी की बीमारी से भी पीड़ित है। उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, अपहरण, मारपीट, मादक पदार्थ तस्करी, फिरौती, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट के 29 केस दर्ज हैं
DS7NEWS NETWORK
Breaking News
Tags
Breaking News