चित्तौड़गढ़ भादसोड़ा पुलिस की कार्रवाई, 9.43 ग्राम एमडीएमए मोली पाउडर सहित 2 गिरफ्तार

हिस्ट्रीशीटर सहित दो तस्कर 9.43 ग्राम एमडीएमए मोली पाउडर के साथ गिरफ्तार, बिना नंबर बाइक जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले की भादसोड़ा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.43 ग्राम अवैध एमडीएमए मोली पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मंगलवाड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी भादसोड़ा महेंद्र सिंह और पुलिस टीम ने गुरुवार को चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर महादेव होटल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकवाकर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9.43 ग्राम अवैध एमडीएमए मोली पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने 26 वर्षीय रवि खटीक पुत्र मदनलाल खटीक निवासी खटीक मोहल्ला मंगलवाड़ थाना मंगलवाड़, जो कि हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, तथा 23 वर्षीय मुकेश उर्फ कान्हा पुत्र हिरालाल खारोल निवासी नंगावली थाना मंगलवाड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post