प्रतापगढ़ में 2.87 लाख की रिश्वत संग धरा गया थानाधिकारी, ACB की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

प्रतापगढ़ में रिश्वत के पैसों संग धरा गया थानाधिकारी, ACB की बड़ी कार्रवाई में पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोलापानी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार चारण को रिश्वत राशि के साथ डिटेन किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी के कब्जे से 2 लाख 87 हजार 150 रुपये बरामद किए गए, जिसके बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार एसीबी डूंगरपुर इकाई को शिकायत मिली थी कि धोलापानी थाने में दर्ज एक रेप प्रकरण में मदद करने, परिवादी के पिता को मामले में नहीं फंसाने तथा मारपीट नहीं करने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कर जाल बिछाया।

एसीबी उदयपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में डूंगरपुर एसीबी टीम ने पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस निरीक्षक रिश्वत की राशि परिवादी के परिचित से लेकर निजी वाहन में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान निम्बाहेड़ा हाईवे स्थित नरसिंहपुरा टोल नाके पर एसीबी टीम ने वाहन रुकवाकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से कुल 2,87,150 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में पुलिस निरीक्षक इस राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद एसीबी ने उसे डिटेन कर लिया।

फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके सरकारी क्वार्टर की भी तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई के बाद प्रतापगढ़ पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, वहीं आमजन इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post