चित्तौड़गढ़ पुलिस की कमान अब धर्मेंद्र यादव के हाथों में, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 23 मई। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को विधिवत रूप से चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी यादव ने कहा कि राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में प्रभावी पुलिसिंग लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ मध्यप्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा से जुड़ा संवेदनशील जिला है, ऐसे में अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों और तस्करी से जुड़े गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे नेटवर्क में शामिल सप्लायरों की पहचान कर उन पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसपी यादव ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
नवागत एसपी ने जनता से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर भरोसेमंद एवं संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र सिंह यादव वर्ष 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे सिरोही, धौलपुर, जोधपुर ग्रामीण एवं भीलवाड़ा जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकालों में उन्होंने अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यकुशलता के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाई है।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News