डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी अंजुम को एपीओ करते हुए तत्काल प्रभाव से बीकानेर मुख्यालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार प्राइवेट स्कूलों की मान्यता से जुड़े रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ और नियमों के विपरीत बहाली किए जाने को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। वहीं शिक्षिका सरिता बोला के निलंबन को कथित रूप से नियम विरुद्ध बहाल किए जाने का मामला भी उच्च स्तर तक पहुंचा था। शिकायतों में प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी अंजुम के साथ बुद्धि प्रकाश सहित एक अन्य अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे।
सूत्रों की मानें तो राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित मामलों की रिपोर्ट शासन स्तर तक पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर त्वरित निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि अंजुम इससे पहले भी पेपर लीक प्रकरण में एपीओ हो चुके हैं, हालांकि बाद में उन्हें बहाल कर दिया गया था। अब एक बार फिर हुई कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और अधिकारी-कर्मचारियों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
Tags
Breaking News