शादी नहीं होने दी तो लुटवा दिया घर !पीतल कारोबारी की बेटी ने प्रेमी संग मिल डलवाई अपने ही घर 1.20 करोड़ की डकैती..

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक पीतल व्यापारी की बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में 1.20 करोड़ रुपये की डकैती डलवा दी। सोमवार को नागफनी थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में व्यापारी की बेटी और उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 47.24 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की गई हैं। यह डकैती अकबर कंपाउंड इलाके में रहने वाले पीतल व्यापारी मोहम्मद इमरान के घर पर हुई थी। मुरादाबाद पुलिस के मुताबिक, हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंदूक का भय दिखाकर बंधक बना लिया और करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी और 6 तोला सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा निवासी अरशद वारसी के बीच पिछले सात-आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। अलग जाति होने की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी। इसी कारण दोनों ने पैसे लेकर अलग जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई।

व्यापारी की बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद वारसी को घर में रखी नकदी की जानकारी दी थी।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे लूट की रकम के जरिए रातों-रात अमीर बनना और ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरीबा, अरशद वारसी, रवि कुमार, निक्की और कुलदीप के रूप में हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post