चित्तौड़गढ़ में महिला सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष अभियान, सादा वर्दी में टीम ने 5 मनचलों को पकड़ा
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं पर फब्तियां कसने और अभद्र हरकतें करने वाले 5 युवकों को गिरफ्तार किया।
यह संयुक्त अभियान सदर थाना, महिला थाना, कोतवाली थाना चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीमों द्वारा चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में 13 और 14 मई को अलग-अलग स्थानों पर निगरानी रखी गई। जैसे ही कुछ युवक राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करते नजर आए, टीम ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चित्तौड़गढ़ और निम्बाहेड़ा क्षेत्र के युवक शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ बहस और हंगामा करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने वालों में डर पैदा करना और सुरक्षित माहौल बनाना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी। उन्हें RajCop Citizen ऐप डाउनलोड करने, हेल्पलाइन नंबर 1090 सहित अन्य आपात सेवाओं का उपयोग करने के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में रेलवे स्टेशन, पार्क, बाजार और शिक्षण संस्थानों के आसपास इसी तरह के गुप्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags
Breaking News