आधी रात का ‘सीक्रेट ट्रैप’ : स्कूटी खराब बनी जाल, 18 मनचले पुलिस के शिकंजे में
डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा। शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भीलवाड़ा पुलिस ने ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसने रात के अंधेरे में महिलाओं को परेशान करने वालों की नींद उड़ा दी। “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के तहत पुलिस की महिला टीम ने आम युवती बनकर शहर के अलग-अलग इलाकों में जाल बिछाया और छेड़छाड़ करने वाले 18 मनचलों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसपी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस मल जैन और एएसपी शिल्पा भादविया ने की। वहीं आरपीएस प्रोबेशनर डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में गठित कालिका यूनिट ने शहरभर में मोर्चा संभाला।
देर रात महिला पुलिसकर्मी कहीं सुनसान सड़क पर स्कूटी खराब होने का बहाना करती नजर आईं, तो कहीं बस स्टैंड पर अकेली महिला बनकर इंतजार करती दिखीं। कुछ महिला जवान छात्रा बनकर कोचिंग क्षेत्रों में घूमती रहीं, जबकि कुछ ने रास्ता भटकने का नाटक कर मनचलों की हरकतों पर नजर रखी।
ऑपरेशन के दौरान कई युवक महिलाओं पर फब्तियां कसते, सीटियां बजाते और अभद्र इशारे करते पकड़े गए। कुछ युवक शराब के नशे में महिलाओं को परेशान करते और अशोभनीय बातें करते मिले। जैसे ही महिला पुलिसकर्मियों ने टीम को संकेत दिया, सादा वेश में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपियों को दबोच लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 18 आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 126-170 के तहत गिरफ्तार किया। वहीं पांच नाबालिगों को हिरासत में लेकर काउंसलिंग की गई और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डालचंद बैरवा, कुलदीप जोशी, ऋषभ, सुरेश कुमार, राकेश साहू, तेजू, सुनील कुमार, राहुल नायक, निखुल लखारा, मुरली तंबोली, जीतू गुर्जर, अनिरुद्ध सिंह, कानालाल गुर्जर, केदार जाट, गोविन्द यादव, दौलत सिंह, पवन मारू और सांवर बैरवा शामिल हैं।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने साफ कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़, अभद्रता या असुरक्षा फैलाने वालों के खिलाफ लगातार ऐसे विशेष अभियान चलाए जाएंगे और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
Breaking News