गरोठ पुलिस का बड़ा एक्शन: 40 ग्राम MD और 3 किलो डोडाचूरा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

गरोठ पुलिस का बड़ा एक्शन: 40 ग्राम MD और 3 किलो डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरोठ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम एमडी ड्रग्स और 3 किलो डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील तथा एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव की टीम ने मुखबिर सूचना पर दबिश दी।

यात्री प्रतीक्षालय के पास पकड़ा गया आरोपी

15 मई 2026 को पुलिस टीम ने जस्साखेड़ी फंटा खड़ावदा-गरोठ रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर आरोपी निलेश डपकरा निवासी पुराना बस स्टैंड गरोठ को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 40 ग्राम एमडी ड्रग्स और 3 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ बरखेड़ा गंगासा निवासी उमर फारुख खान ने उसे सप्लाई किया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उमर फारुख खान को भी गिरफ्तार कर लिया।

आदतन अपराधी निकला सप्लायर

जांच में सामने आया कि आरोपी उमर फारुख खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर मारपीट, धमकी, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में विभिन्न थानों में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 8/15, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव, उपनिरीक्षक बलवान सिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार प्रजापति, आरक्षक कमल सिंह और बलराम बंजारा की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post