अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से 1.66 करोड़ रुपये के सोने के गहने चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने शोरूम की महिला कर्मचारी हर्षिदा शेट्टी (38) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि हर्षिदा ने अपने शादीशुदा प्रेमी मयूर माली के साथ नया जीवन शुरू करने के लिए इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, हर्षिदा पिछले 11 महीनों से शोरूम में सेल्स गर्ल के तौर पर काम कर रही थी। 11 मई को वह दुकान के पीछे रखे कबर्ड से सोने के गहने निकालकर कपड़ों में छिपाते हुए CCTV में कैद हुई। जांच में करीब 1.66 करोड़ रुपये के गहने चोरी होने की पुष्टि हुई।
वारदात के बाद हर्षिदा अपने प्रेमी के साथ बुलेट बाइक से अहमदाबाद से उदयपुर, जयपुर और फिर दिल्ली पहुंची। दोनों अलग-अलग होटलों में ठहरे, लेकिन दिल्ली के एक होटल में हर्षिदा के नहाने के दौरान मयूर ज्यादातर गहने लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह करीब 18 लाख रुपये के कुछ गहने छोड़कर बाकी जेवर लेकर भाग निकला।
प्रेमी का फोन बंद मिलने के बाद हर्षिदा वापस अहमदाबाद लौटी और चोरी के गहने बेचने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान माणेकचौक इलाके से क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपी मयूर की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
Breaking News