कांग्रेस के गढ़ चूड़ादा में सीएम भजनलाल की रात्रि चौपाल, जनता से करेंगे सीधा संवाद
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा जिले के मध्यप्रदेश और गुजरात सीमा से सटे आदिवासी बहुल चूड़ादा गांव में आज राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज रहने वाली है। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma “सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चूड़ादा स्थित एकलव्य मॉडल स्कूल में रात्रि चौपाल करेंगे। कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्र में मुख्यमंत्री के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश देंगे। सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए भी लोगों से सीधा फीडबैक लिया जाएगा। ग्रामीणों में सीएम के दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। चौपाल में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनसुविधाओं तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma 21 मई की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान भी आमजन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की जरूरतों और समस्याओं को समझेंगे। आदिवासी क्षेत्र में हो रहे इस दौरे को आगामी राजनीतिक समीकरणों और जनसंपर्क अभियान के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags
Breaking News