चित्तौड़गढ़ इंस्टाग्राम से सड़क तक चर्चा में “कॉकरोच जनता पार्टी”, राजस्थान में भी जबरदस्त ट्रेंड


डीएस सेवन न्यूज देशभर में सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया और बेहद चर्चित नाम तेजी से वायरल हो रहा है — कॉकरोच जनता पार्टी। महज 72 घंटों के भीतर यह व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान लाखों युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और X (पूर्व ट्विटर) पर इस नाम को लेकर पोस्ट, मीम्स, रील्स और स्टेटस की बाढ़ सी आ गई है।

बताया जा रहा है कि इस आंदोलन की शुरुआत 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई के बाद हुई। फर्जी डिग्री मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की कथित मौखिक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद युवाओं के एक वर्ग ने विरोध और व्यंग्य के तौर पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से ऑनलाइन अभियान शुरू कर दिया।

देखते ही देखते यह अभियान सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। दावा किया जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर 1 लाख से ज्यादा युवा इससे जुड़ चुके हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा 50 लाख के पार पहुंच गया है। राजस्थान के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा, भीलवाड़ा समेत कई जिलों में यह ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है।

खास बात यह है कि लोग अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार “कॉकरोच जनता पार्टी” से जुड़े पोस्ट और स्टेटस शेयर कर रहे हैं। इंस्टाग्राम रील्स, फेसबुक पोस्ट, व्हाट्सएप स्टेटस और शॉर्ट वीडियो में युवा खुद को “कॉकरोच कार्यकर्ता” बताते हुए बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और सिस्टम पर व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई जगहों पर “We Are Cockroach”, “No Job No Fear” और “System Se Takraayenge” जैसे स्लोगन भी वायरल हो रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह कोई वास्तविक राजनीतिक संगठन है या केवल सोशल मीडिया आधारित व्यंग्यात्मक अभियान, लेकिन इतना तय है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” ने इंटरनेट पर जबरदस्त बहस छेड़ दी है। राजस्थान समेत देशभर के युवाओं के बीच यह ट्रेंड तेजी से चर्चा में बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post