चित्तौड़गढ़ काली फिल्म वाले वाहनों पर चला पुलिस का डंडा, चित्तौड़गढ़ में विशेष अभियान

चित्तौड़गढ़ में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाहनों पर शिकंजा
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 18 मई। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए चित्तौड़गढ़ यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर काली फिल्म लगे और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान बनाए गए।

पुलिस उप अधीक्षक यातायात शिव प्रकाश टेलर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना और संदिग्ध वाहनों पर अंकुश लगाना है। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन मिले जिन पर अवैध रूप से काली फिल्म लगी हुई थी या नंबर प्लेट नहीं थी। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने केवल सड़क पर ही नहीं, बल्कि शहर में संचालित कार डेकोरेशन और एसेसरीज दुकानों पर भी निगरानी बढ़ाई। विभिन्न दुकानों के संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी वाहन पर अवैध काली फिल्म नहीं लगाई जाए। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात शाखा ने आमजन से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाएं। पुलिस के अनुसार, शहर में यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post