राजस्थान बॉर्डर से पहले बड़ा एक्शन: गांधीसागर पुलिस ने 1 किलो अफीम व 2.5 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर दबोचा
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले का गांधीसागर थाना भले ही जिले के शांत थाना क्षेत्रों में गिना जाता हो, लेकिन राजस्थान से जुड़ा होने के कारण यह मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील मार्ग माना जाता है। इसी कड़ी में गांधीसागर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.080 किलोग्राम अफीम और 2.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ आर.एस. मिश्रा तथा एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तरुणा भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर गांधीसागर-भानपुरा रोड स्थित हिंगलाज रिसोर्ट के पास दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राम कित्तूखेड़ी थाना नारायणगढ़ निवासी नरेंद्र पुरी (40) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पेट पर लाल कपड़े से बंधे पैकेट से 1.080 किलोग्राम अफीम तथा पास में रखे नीले रंग के झोले से 2.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1.55 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में गांधीसागर थाना पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 45/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 18 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि गांधीसागर क्षेत्र मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से जुड़ा होने के कारण रावतभाटा, कोटा सहित राजस्थान के कई शहरों की ओर जाने वाले मार्गों में शामिल है। इसी वजह से पुलिस इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Tags
Breaking News