चित्तौड़गढ़ बेगूं में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई: 140.620 किलो डोडा चूरा जब्त 1 तस्कर गिरफ्तार

140.620 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
सीबीएन की बड़ी कार्रवाई: बेगूं में मकान पर दबिश देकर पकड़ा भारी मात्रा में मादक पदार्थ

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़/कोटा। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) राजस्थान यूनिट ने चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की विशेष टीम ने एक मकान पर छापेमारी कर 140.620 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार सीबीएन को खुफिया सूचना मिली थी कि बेगूं तहसील के ग्राम रामपुरिया में एक व्यक्ति अपने मकान में बड़ी मात्रा में डोडा चूरा छिपाकर रखे हुए है और इसकी तस्करी में संलिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कोटा कार्यालय ने विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की।

3 जून को टीम ने संदिग्ध मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के भीतर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया 140.620 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया तथा मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। विभाग का लक्ष्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।

सीबीएन के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post