चित्तौड़गढ़ नारायणपुरा टोल से शुरू हुई बड़ी सफलता: चित्तौड़गढ़, मंदसौर-जावरा में सीबीएन ने पकड़ा 2.92 टन डोडाचूरा, 4 आरोपी गिरफ्तार

सीबीएन का ताबड़तोड़ एक्शन: 2.92 टन से अधिक डोडाचूरा, अफीम और चार वाहन जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर/नीमच/जावरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्यप्रदेश इकाई ने 16 एवं 17 जून 2026 को मध्यप्रदेश और राजस्थान में लगातार तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए 2920.580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ), 120 ग्राम अवैध अफीम, चार वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। इन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मंदसौर-जावरा मार्ग पर ट्रक और पायलट कार से 1088.640 किलो डोडाचूरा बरामद

सीबीएन की जिला मंदसौर-III खंड एवं पी एंड आई सेल, मंदसौर की संयुक्त टीम ने विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर 16-17 जून की मध्यरात्रि में मंदसौर-जावरा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक मारुति एस-क्रॉस कार और एक टाटा ट्रक को रोका।

जांच में सामने आया कि एस-क्रॉस कार तस्करी में प्रयुक्त ट्रक के लिए पायलट वाहन के रूप में काम कर रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि पायलट वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रक की गहन तलाशी में चूने (लाइम पाउडर) के 510 कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए 55 प्लास्टिक बैगों से 1088.640 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में एक टाटा ट्रक, एक मारुति एस-क्रॉस कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

नारायणपुरा टोल प्लाजा पर डम्पर से 1619.340 किलो डोडाचूरा और अफीम जब्त

सीबीएन के नीमच प्रथम खंड के अधिकारियों ने 17 जून 2026 को चित्तौड़गढ़-उदयपुर राजमार्ग स्थित नारायणपुरा टोल प्लाजा पर एक टाटा डम्पर ट्रक को रोककर बड़ी कार्रवाई की।
संदिग्ध चालक ने सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों की त्वरित और साहसिक कार्रवाई के चलते वाहन को सफलतापूर्वक रोक लिया गया।

डम्पर की तलाशी में 90 एचडीपीई बैगों से 1619.340 किलोग्राम डोडाचूरा तथा एक बैग से 120 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर डम्पर ट्रक जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध मादक पदार्थ राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा था।

40 किलोमीटर पीछा कर क्रेटा कार से 212.600 किलो डोडाचूरा बरामद

डीआरआई इंदौर क्षेत्रीय इकाई और सीबीएन की संयुक्त टीम ने 17 जून 2026 को प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर जावरा क्षेत्र में एक क्रेटा कार को चिन्हित किया।

तस्करों के पायलट वाहन से सतर्क किए जाने के बाद चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने लगभग 40 किलोमीटर तक पीछा कर उसे रोक लिया।

वाहन की तलाशी के दौरान विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी और पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 212.600 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

कुल जब्ती और आगे की कार्रवाई

तीनों मामलों में सीबीएन और डीआरआई की टीमों ने कुल 2920.580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, 120 ग्राम अवैध अफीम, एक टाटा ट्रक, एक टाटा डम्पर ट्रक, एक मारुति एस-क्रॉस कार, चार मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री जब्त की है।

कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। बरामद मादक पदार्थों और वाहनों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

सीबीएन ने कहा है कि मादक पदार्थों एवं मनःप्रभावी पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे गिरोहों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post