डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, 25 जून। वर्षाकाल के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह उदयसागर बांध पर आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार एवं कनिष्ठ अभियंता अजय सिंह गुर्जर ने सायरन बजाकर आसपास के क्षेत्र में सतर्कता का संदेश दिया। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना भेजी गई, जिसके बाद प्रशासनिक एवं सुरक्षा एजेंसियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी गिर्वा ए. साईकृष्ण, डीवाईएसपी छवि शर्मा, पुलिस जाब्ता, नागरिक सुरक्षा दल, एसडीआरएफ तथा सेना की टीम मौके पर पहुंची। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास करते हुए आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।
उपखंड अधिकारी ए. साईकृष्ण ने मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई ही जनहानि और नुकसान को कम करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस दौरान जल संसाधन विभाग ने उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों और उपकरणों की जानकारी भी साझा की। इनमें लाइफ जैकेट, जेसीबी, ट्रैक्टर, रस्सियां, टॉर्च, ट्यूब, मिट्टी के कट्टे सहित अन्य आवश्यक बचाव सामग्री शामिल रही।
कैप्शन:
उदयपुर: उदयसागर बांध पर आयोजित आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास करते अधिकारी एवं कर्मचारी।
Tags
Breaking News