चिकन शॉप लाइसेंस के बदले रिश्वत मांगना पड़ा महंगा, नगर निगम का पशुधन निरीक्षक एसीबी के हत्थे चढ़ा

डीएस सेवन न्यूज जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर की पशु प्रबंधन शाखा में तैनात पशुधन निरीक्षक सुरेन्द्र कुमावत को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अनुसंधान इकाई (एसआईयू) जयपुर द्वारा की गई।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चिकन शॉप का लाइसेंस जारी होने के बावजूद आरोपी पशुधन निरीक्षक लाइसेंस देने की एवज में 6 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था और लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सुरेन्द्र कुमावत को 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post