उदयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 874 स्थानों पर दबिश, 298 अपराधी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और रेड/एरिया डोमिनेंस अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने शनिवार अलसुबह व्यापक कार्रवाई करते हुए 874 स्थानों पर दबिश दी और 298 अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया। यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ चलाया गया।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अंजना सुखवाल तथा जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में करीब 111 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में 460 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 वांछित अपराधियों को गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया। वहीं 89 गिरफ्तारी वारंट, 8 स्थायी वारंट और 3 जुआ अधिनियम के मामलों में भी आरोपियों को पकड़ा गया। इसके अलावा निवारक कार्रवाई के तहत 186 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान माइनर एक्ट के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आबकारी अधिनियम के 16 मामलों में 7 आरोपी, आर्म्स एक्ट के 1 मामले में 1 आरोपी तथा जुआ अधिनियम के 3 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए। साथ ही पुलिस ने 73 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दबिश देकर उनसे पूछताछ भी की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है।
Tags
Breaking News