22 किलो 290 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

22 किलो 290 ग्राम डोडा चूरा पोस्त के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, सीआईए रतिया की बड़ी कार्रवाई

डीएस सेवन न्यूज रतिया, 22 जून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए रतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 किलो 290 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद कर महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा उनसे नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से मौजूद थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बाबा दीप सिंह नर्सिंग कॉलेज के निकट अहरवां-रतिया रोड पर नाकाबंदी की गई और आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की गई।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पंजाब के फिरोजपुर जिले के अकबरवाला (कुशूवाला) निवासी मंगल सिंह और कुलविंदर कौर को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 22 किलो 290 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 242 दिनांक 21 जून 2026 के तहत धारा 15(बी), 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। जांच के दौरान डोडा चूरा पोस्त के स्रोत, खरीद-फरोख्त और इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post