मंदसौर में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई: 4,000 ट्रामाडोल और 370 क्लोनाजेपाम टैबलेट्स जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। मादक पदार्थों और मन:प्रभावी औषधियों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्यप्रदेश इकाई ने मंदसौर में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 4,000 ट्रामाडोल टैबलेट्स और 370 क्लोनाजेपाम टैबलेट्स जब्त की गईं, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सीबीएन को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कार के माध्यम से अवैध मन:प्रभावी दवाओं का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पी एंड आई सेल, मंदसौर के अधिकारियों की टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की गई। सघन निगरानी के दौरान संदिग्ध वाहन की पहचान कर उसे पशुपतिनाथ मंदिर के समीप रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 4,000 ट्रामाडोल टैबलेट्स, जिनका कुल वजन 4 किलोग्राम है, तथा 370 क्लोनाजेपाम टैबलेट्स बरामद की गईं। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार बरामद ट्रामाडोल और क्लोनाजेपाम दोनों ही एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत अधिसूचित मन:प्रभावी पदार्थ हैं। मामले में प्रतिबंधित दवाओं और वाहन को विधिवत जब्त कर लिया गया है तथा वाहन में सवार दो व्यक्तियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अवैध तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों एवं मन:प्रभावी औषधियों की अवैध तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और समाज को नशा-मुक्त बनाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
Tags
Breaking News