चित्तौड़गढ़ जिले में मेघों की मेहरबानी: नौतपा के बीच में झमाझम बारिश। ग्रामीण इलाकों में 60 KM की रफ्तार से चली हवाएं

नौतपा के बीच मेघ मेहरबान: चित्तौड़गढ़ जिले में तेज आंधी और बारिश से मिली राहत, 4 जून तक मौसम सक्रिय रहने के आसार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। नौतपा के दौरान भी चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली। रविवार शाम करीब 5 बजे के बाद जिलेभर में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ, जिसने भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। काली घटाओं के बीच शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही, जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया।

जिले के कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए, पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं और कुछ जगहों पर लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ा। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

बारिश का असर पूरे जिले में देखने को मिला। चित्तौड़गढ़ शहर के अलावा निम्बाहेड़ा, कपासन, बड़ीसादड़ी, बेगूं, रावतभाटा, अकोला तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। निम्बाहेड़ा के ग्रामीण इलाकों और बिनोता क्षेत्र में तेज आंधी के साथ करीब 40 मिनट तक बारिश का दौर चला। कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब हो गईं और जलभराव जैसी स्थिति भी देखने को मिली।

मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आगामी दिनों में भी बना रह सकता है। विभाग ने 4 जून तक जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

फिलहाल जिलेभर में हुई इस बारिश ने जहां नौतपा की तपिश को काफी हद तक कम कर दिया है, वहीं किसानों और आमजन के चेहरों पर राहत की मुस्कान भी ला दी है।

DS7NEWS NETWORK 
DASHRATH SINGH SARANGDEVOT 

Post a Comment

Previous Post Next Post