अंतालिया टोल के पास दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, ढाई साल की मासूम की मौत, कई घायल
डीएस सेवन न्यूज सुवासरा (मंदसौर)। मंदसौर जिले के सुवासरा क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया। अंतालिया टोल के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी एक परिवार उज्जैन से वापस लौट रहा था। इसी दौरान सुवासरा क्षेत्र में अंतालिया टोल के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में ढाई वर्षीय आश्वी जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल जैन (41) निवासी दिल्ली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दुर्घटना में निर्मला अग्रवाल (72) निवासी नीमच भी घायल हुई हैं। परिजनों के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही उनके भाई सौरभ अग्रवाल नीमच से रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि घायल महिला नीमच के एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक परिवार से जुड़ी हुई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी उज्जैन से दिल्ली जा रहे थे। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Tags
Breaking News